लकी ड्रा में चुने गए चार कोरोना योद्धा
सभी को खाते में भेजे गए दो-दो हजार रुपये, डीएम की मौजूदगी में हुआ लकी ड्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। कोरोना महामारी से बचाव के लिए कोविड वैक्सीन लगवाने वाले कोरोना योद्धाओं को पुरस्कृत करने के लिए बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल की एमसीएच विंग में लकी ड्रा निकाला गया। डीएम की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में चार भाग्यशाली विजेताओं का चयन किया गया। इनके खाते में दो-दो हजार रुपये पीएफएमएस के जरिए भेज दिए गए।
डीएम एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल के एमएमसीएच (मॉडर्न मैटर्निटी एंड चाइल्ड हेल्थ) विंग में बने इंटीग्रेटेड कोविड कमांड सेंटर में बैठक हुई। बैठक में कोरोना संक्रमण रोकने के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक के बाद लकी ड्रा निकाला गया। सीडीओ अनुज मलिक ने चार भाग्यशाली कोरोना वारियर्स के कार्ड निकाले। डीएम ने बताया कि ड्रा में कुबेरस्थान थाने के कांस्टेबल अरविंद कुमार, डीएम कार्यालय के राजेश निषाद, सुकरौली ब्लॉक के खागी मुंडेरा निवासी शोभा दूबे और सीएमओ कार्यालय के परिचारक शेषनाथ यादव का नाम निकला।
डीएम ने बताया कि कोरोना टीकाकरण के प्रति प्रोत्साहन के लिए यह लकी ड्रा आयोजित किया गया है। कोरोना महामारी का संक्रमण फिर से बढ़ रहा है। ऐेसे में टीकाकरण के पात्र व्यक्ति टीके की दोनों डोज अवश्य लगवाएं।
इस दौरान सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता, एएसपी अयोध्या प्रसाद सिंह, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजय कुमार गुप्ता आदि मौजूद थे।