17 केंद्रों पर 2372 स्वास्थ्यकर्मियों को लगा कोरोना से बचाव का टीका
- प्रथम चरण के चौथे चक्र में 73.30 प्रतिशत हुआ टीकाकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। कोरोना से बचाव के लिए लगाए जा रहे कोरोनारोधी टीकाकरण के प्रथम चरण के चौथे राउंड में शुक्रवार को 17 केंद्रों पर टीकाकरण हुआ। यहां कुल 2372 हेल्थ वर्कर्स को टीके लगाए गए। यह तय लक्ष्य का 73.30 प्रतिशत है।
शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फाजिलनगर, हाटा, खड्डा, नेबुआ नौरंगिया, रामकोला, विशुनपुरा, कप्तानगंज, मोतीचक, दुदही, सुकरौली, तमकुहीराज, कसया, कुबेरस्थान और पीएचसी तरयासुजान सहित पडरौना के पुरुष एवं नेत्र चिकित्सालय, राजकीय महिला अस्पताल स्थित प्रसवोत्तर केंद्र तथा नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गायत्रीनगर में टीकाकरण हुआ। यहां 29 सत्रों में 3236 हेल्थ वर्कर्स को टीका लगाने का लक्ष्य था।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार को 17 केंद्रों पर बने 29 बूथों पर 3236 के लक्ष्य के सापेक्ष 2372 हेल्थ वर्कर्स को टीका लगाया गया। उन्होंने यह भी बताया कि शुक्रवार को इन हेल्थ वर्कर्स को 341 वैक्सीन लगाई जानी थी, जिसमें 235 वॉयल लगी। उनका कहना था कि लक्ष्य का 73.30 प्रतिशत लक्ष्य कवर किया गया।
सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता ने बताया कि कोरोना वैक्सीन इस महामारी से बचाव के लिए कारगर है। इसका शरीर पर कोई नुकसान नहीं है। स्वयं भी टीकाकरण कराया तथा नियमित ड्यूटी कर रहा हूं। उन्होंने हेल्थ वर्कर्स से अपील की कि नंबर आने पर टीकाकरण अवश्य कराएं।
इन्होंने लगवाया टीका
पडरौना के राजकीय महिला अस्पताल स्थित प्रसवोत्तर केंद्र में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष प्रभुनंद उपाध्याय, पुरुष एवं नेत्र चिकित्सालय में बने केंद्र पर बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुभाष प्रसाद और रामकोला सीएचसी में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एपी गुप्ता ने सबसे पहले टीका लगवाया। मथौली बाजार सीएचसी में टीकाकरण का डिप्टी सीएमओ हाटा डॉ. विनय पांडेय ने निरीक्षण किया। तरयासुजान पीएचसी में भी कोरोना का टीका लगाया गया। इस दौरान सभी संबंधित चिकित्साधिकारी मौजूद थे।