महिला की मौत, 16 मिले कोरोना संक्रमित
जिले में एक्टिव केस हुए 103, आठ लोग हुए स्वस्थ
अमर उजाला ब्यूरो
पडरौना। जिले में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। बुधवार को 16 नए संक्रमित केस मिले। वहीं गोरखपुर मेडिकल कालेज में भर्ती दुदही क्षेत्र की एक महिला की संक्रमण से मौत हो गई। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े में अभी मौत की संख्या 62 ही दर्शाई गई है। आठ मरीज स्वस्थ हुए।
सीएमओ डॉ. एसपी गुप्ता ने बताया कि बुधवार को जिले में 2374 लोगों का सैंपल कोरोना की जांच के लिए भेजा गया। वहीं देर शाम 1906 लोगों की जांच रिपोर्ट आई। इसमें 16 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। पॉजिटिव पाए गए लोगों में से एक फाजिलनगर, चार हाटा, दो कप्तानगंज, एक कसया, एक पडरौना, एक सुकरौली, एक तमकुही, एक विशुनपुरा व तीन अन्य क्षेत्रों के निवासी हैं। सीएमओ के अनुसार जिले में अब तक कुल 388248 लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है। इसमें से 5861 लोग कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। अब तक 5696 लोग स्वस्थ हुए हैं।
गौरीश्रीराम प्रतिनिधि के अनुसार दुदही विकास खंड के एक गांव की 70 वर्षीया महिला कोरोना संक्रमित पाई गई थी। हालत गंभीर होने पर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था। बुधवार को महिला की मौत हो गई। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी दुदही डॉ एके पांडेय ने बताया कि प्रभावित गांव में सुरक्षा के उपाय कराए जा रहे हैं। संपर्क में आए लोगों की सूची बनाकर जांच की जाएगी। अभी इस महिला के मौत की रिकार्ड स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल पर अपलोड नहीं किया गया है।
खड्डा प्रतिनिधि के अनुसार ग्रामीण क्षेत्र के एक परिवार की तीन सगी बहनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर संक्रमित बहनों के संपर्क में आने वाले परिवार के अन्य लोगों की सूची बनाकर सैंपल लिया। संक्रमित तीन में से एक गर्भवती है। होम क्वारंटीन की सुविधा नहीं होने के चलते स्वास्थ्य टीम ने तीनों संक्रमितों को जिला अस्पताल रेफर किया है। इसके अलावा बगल के दो अन्य गांवों की एक-एक महिलाएं भी कोरोना संक्रमित पाई गई थीं, जिन्हें होम क्वारंटीन में रखा गया है। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रभु कुमार ने लोगों से कोविड गाइड लाइन का पालन करने की अपील की है।
21 केंद्रों पर 3013 को लगा कोरोनारोधी टीका
अमर उजाला ब्यूरो
पडरौना। बुधवार को जिले के 21 केंद्रों पर कोरोनारोधी टीका लगाया गया। 5820 लोगों को टीका लगाने के लक्ष्य के सापेक्ष 2870 लोगों को पहली डोज और 143 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई। यह जानकारी सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता ने दी।