कोचिंग सेंटर से लौट रहे बालक का अपहरण
रगड़गंज (कुशीनगर)। पटहेरवा थाना क्षेत्र के सरेया बुजुर्ग गांव के टोला रामकोला चट्टी गांव के नौ वर्षीय बालक का बुधवार की दोपहर में अपहरण हो गया। वह कोचिंग सेंटर से ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहा था। अपहरण की सूचना आम होते ही परिवार व क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुटी है।
पटहेरवा थाना क्षेत्र के सरेया बुजुर्ग गांव के टोला रामकोला चट्टी निवासी मिंटू वर्मा का नौ वर्षीय पुत्र आदित्य वर्मा रामकोला चट्टी स्थित सम्राट एजुकेशनल एकेडमी में कक्षा दो का छात्र है। बताया जाता है कि आदित्य बुधवार दोपहर करीब 12 बजे रामकोला चट्टी स्थित एक कोचिंग सेंटर से ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहा था। साथ वापस लौट रहे अन्य बालकों के मुताबिक, बीच रास्ते में एक बाइक पर सवार दो लोगों ने आदित्य को रोक लिया। फिर दोनों ने उसे अपनी बाइक पर बैठा लिया और वे बिहार सीमा की तरफ चले गए। बालकों ने आदित्य के परिवार के लोगों को इसकी सूचना दी। परिवार के लोगों ने काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन आदित्य का कोई पता नहीं चला। घटना की सूचना पर पहुंचे एसओ पटहेरवा ने अपहरण होने वाली जगह सहित कोचिंग सेंटर पर भी पहुंचकर जानकारी ली।
एसओ पटहेरवा अतुल्य कुमार पांडेय ने बताया कि बालक के अपहरण होने की सूचना पर पुलिस छानबीन में जुटी है। अभी तक कुछ खास सुराग नहीं लगा है।