बताया जा रहा है कि रविवार को देवरिया जिले के बरहज से कांवड़ियों का एक दल आरक्षित निजी बस से झारखण्ड स्थित देवघर के लिए जा रहा था। इसी दौरान कसया के पास कांवड़ियों के बस में बिहार की ओर जा रहे पिकअप ने टक्कर मार दी। इससे बस के बगल का शीशा टूट गया। कांवड़ियों के दल ने पिकअप को रोक कर पूछताछ की तो पिकअप सवार अपशब्दों का प्रयोग करते हुए भाग निकले।
जौनपुर जिले के खेता सराय के रहने वाले बस चालक ने बताया कि देर शाम कांवड़ियों को लेकर बस से फोरलेन स्थित सलेमगढ़ टोल प्लाजा के पास पहुंचे थे, तभी पिकअप चालक के साथ मौजूद 25 से अधिक लोगों ने उनके ऊपर लाठी-डंडों, ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। बस के अंदर घुसकर यात्रियों से भी मारपीट की। इस दौरान बीच-बचाव करने वाले यात्रियों को भी हल्की चोटें आईं और बस के शीशे को क्षति पहुंचाई गई। करीब दस यात्रियों को चोटें आने की बात कही जा रही है।
इसे भी पढ़ें: नेपाल के पानी से बाढ़ आई तो गोरखपुर के बांध झेल नहीं पाएंगे, ग्रामीण बोले- मचेगी तबाही
घटना से नाराज कांवड़ियों के दल ने टोल प्लाजा के पास बस रोककर करीब बीस मिनट तक यातायात बाधित किए रखा। सूचना पर भारी पुलिस बल के साथ तमकुहीराज के सीओ जितेंद्र सिंह कालरा, तरयासुजान के एसएचओ आरके सिंह और तमकुहीराज के एसएचओ नीरज कुमार राय मौके पर पहुंचे। काफ़ी मान-मनौवल और कार्रवाई के आश्वासन के बाद कांवड़ियों का दल माना और यातायात बहाल हो सका।
कावड़ यात्री संजय कुमार ने बताया कि कसया के पास पशु लदे पिकअप ने टक्कर मारी थी। पिकअप चालक चार सौ रुपये हर्जाना देकर आगे देख लेने की धमकी देते हुए भाग निकला। फोरलेन पर लाठी, डंडा, ईंट-पत्थर से बस पर हमला किया गया, जिसमें चालक सहित 10 यात्रियों को भी चोटें आई हैं। जब तक आसपास के लोग पहुंचे, हमलावर भाग निकले।
जौनपुर जिले के खेता सराय निवासी बस चालक राजू कुमार ने तमकुहीराज पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। रात के करीब आठ बजे कवड़ियों का दल बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। सीओ जितेंद्र सिंह कालरा ने बताया कि तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कर प्राप्त वीडियो फुटेज और जानकारी के आधार पर आरोपियों पर कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी।