25 मई को कटहल तोड़ने को लेकर हुआ था विवाद, पुलिस ने किया पर्दाफाश
संवाद न्यूज एजेंसी
दुदही। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के विशुनपुर बरिया पट्टी में 25 मई को कटहल तोड़ने की विवाद में हुई हत्या का पुलिस ने रविवार को खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक, कटहल मालिक की गलती के चलते हुए विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि छठवें आरोपी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। तीन दिन के अंदर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी करने पर पुलिस टीम को 25,000 रुपये का इनाम दिया गया है।
रविवार को क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज जिंतेंद्र सिंह कालरा ने बताया कि बगीचे के मालिक गामहा यादव ने पहले बतरौली धुरखड़वा निवासी पूर्व प्रधान सुबाष कुशवाहा को की कटहल की बिक्री की थी। उनसे 8,000 रुपये भी ले लिए थे। इसके बाद वही कटहल बृजेश चौहान को बेच दिया। जब बृजेश चौहान कटहल तोड़ने लगे, तो गामहा ने सुबाष कुशवाहा को फोन कर इसकी जानकारी दे दी। सुबाष दूसरे बगीचे में कटहल तोड़वा रहे थे। अपने पुत्र और अन्य लोगों के साथ पहुंच गए, जहां दोनों व्यापारियों के बीच मारपीट हो गई।
डंडे से बृजेश के सिर पर चोट लग गई। इससे बृजेश की मौत हो गई। इस मामले में मृतक के पिता गुमानी चौहान की तहरीर पर छह लोगों पर हत्या, मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
थानाध्यक्ष विशुनपुरा गिरीजेश उपाध्याय ने चार दिन के अंदर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूर्व प्रधान सुबाषचंद्र कुशवाहा पुत्र नगेशर कुशवाहा, मंटू कुशवाहा पुत्र अकलू कुशवाहा, लल्लन कुशवाहा पुत्र अकलू कुशवाहा, मुन्ना कुशवाहा पुत्र ललन कुशवाहा बतरौली धुरखड़वा और गामहा यादव पुत्र लखीचंद्र यादव निवासी विशुनपुर बरियापट्टी बड़का बहपुरवा सुबह आठ बजे गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। सुबाष कुशवाहा के पुत्र राहुल कुशवाहा का इलाज जिला अस्पताल में पुलिस संरक्षण में चल रहा है।
मामले में जल्द पर्दाफाश होने पर विशुनपुरा पुलिस को 25,000 रुपये का इनाम दिया गया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष गिरिजेश उपाध्याय, दरोगा अजय कुमार सिंह, कैलाश यादव, रामनिवास भार्गव, अंगद यादव, सत्यम राय, विकास यादव, सूर्यपताप सिंह, प्रियंका वर्मा, रूबी सिंह, ज्योति गौंड सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।