रहसू बाजार। चौराखास थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी को भगाकर कमरे में बंद करने के मामले में पुलिस ने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की है। यह रिपोर्ट किशोरी के दादा की तहरीर पर दर्ज हुई। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी 16 वर्षीय किशोरी पोती को दूसरे गांव का एक 17 वर्षीय किशोर बृहस्पतिवार की रात उसके घर से ले जाकर गांव के ही प्राथमिक विद्यालय के कमरे में पूरी रात बंद कर के रखा था। वे दोनों कहीं बाहर भाग कर शादी करने की फिराक में थे।
देर रात को जब परिजनों क़ो पता चला कि किशोरी घर पर नहीं है तो ढूंढने लगे तो किसी ने बताया कि एक किशोरी विद्यालय में है। जब परिजन वहां पर पहुंचे तो किशोरी को पहचान लिए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और दोनों को थाने ले गई। एसएचओ प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर अपहरण सहित अन्य मामलों में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।