तमकुहीराज। कस्बा के भटवलिया स्थित फतेह मेमोरियल इंटर कॉलेज के खेल परिसर में चल रहे राजा इंद्रजीत प्रताप शाही ऑल इंडिया फुटबाल प्रतियोगिता में बृहस्पतिवार को कानपुर व यूपी इलेवन के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया। रोमांचक मुकाबले में कानपुर ने यूपी इलेवन को 2-1 से हराकर फाइनल मुकाबला जीत लिया। यूपी इलेवन के खिलाड़ी साहिल को मैन ऑफ द सीरीज और कानपुर के खिलाड़ी सईद को मैन आफ द मैच चुना गया।
खेल शुरू होने पर पहले हाफ में दोनों ही टीम एक-एक गोल की बराबरी पर रहीं। मध्यांतर के बाद शुरू हुए मैच में दर्शकों का उत्साह देखते बन रहा था। फाइनल मुकाबला जीतने के लिए दोनों टीम के खिलाड़ियों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। लेकिन खेल समाप्त होने के कुछ मिनट पहले कानपुर की टीम ने एक गोल बनाकर 2-1 से बढ़त बना ली। उधर, यूपी इलेवन की टीम इस बढ़त की बराबरी नहीं कर सकी। इस तरह कानपुर की टीम विजेता और यूपी इलेवन की टीम उप विजेता घोषित हुई। अंत में भाजपा नेता हरेंद्र जायसवाल, महेश्वर प्रताप शाही, कौशल सिंह व संजय गुप्ता ने संयुक्त रूप से विजेता और उपविजेता टीम को ट्राॅफी देकर पुरस्कृत किया। इस दौरान ओपी सिंह, पीएन पांडेय, भीम गुप्ता, आलोक मिश्रा, उमाशंकर गुप्ता आदि मौजूद रहे।