जिलेदार ने नौ मछुआरों को भेजा नोटिस, मछली पकड़ने के लिए ड्रेन में बनाया था बांध
संवाद न्यूज एजेंसी
जटहां बाजार। विशुनपुरा क्षेत्र के सिधरिया ड्रेन में मछली पकड़ने के लिए मछुआरों की तरफ से ड्रेन में बांध बना दिए जाने से खेतों का पानी निकल नहीं पा रहा है। गांव के लोगों की शिकायत पर बाढ़ खंड के जिलेदार ने मौके का निरीक्षण कर नौ मछुआरों को नोटिस भेजा है।
सिधरिया ड्रेन करीब 18 किलोमीटर लंबा है। ड्रेन से बभनौली, दुबौली, खजुरिया, नरचोचवा, पटेरा आदि गांवों के पास क्षेत्र के मछुआरे मछली पकड़ने के लिए बांध बनाए हैं। इससे खेतों में भरे बारिश के पानी का बहाव नहीं हो पा रहा है। इससे फसलों को नुकसान पहुंच रहा है। क्षेत्र के किसानों ने इसकी शिकायत डीएम समेत विभाग के अधिकारियों से की। इसे गंभीरता से लेते हुए सिंचाई विभाग के जिलेदार रमापति दूबे ने मंगलवार को सिधरिया ड्रेन का निरीक्षण किया और बांधे गए छह बांध को तोड़वाते हुए क्षेत्र के नौ मछुआरों को नोटिस भेजा। बाढ़खंड विभाग के जिलेदार का कहना है कि छह बांध तोड़वाया गया है। इसके बाद पानी को बाधित करने वाले मछुवारों के खिलाफ नोटिस भेजने की कार्रवाई की गई है।