दुदही नगर में पुतला फुकते विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता।स्रोत-सोशल मीडिया
कसया/गोड़रिया। झारखंड में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर पुलिस के लाठीचार्ज के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को बुद्ध पीजी कालेज के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार और पुलिस के विरोध में पुतला दहन कर आक्रोश जताया। कुशीनगर विभाग संयोजक राजन मद्धेशिया ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज करना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने चेतावनी दी कि छात्रों पर की गई कार्रवाई झारखंड सरकार को महंगी पड़ेगी। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई की कड़ी निंदा की। जिला संयोजक नीतीश सिंह ने कहा कि झारखंड सरकार द्वारा विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज किया जाना घोर निंदनीय है। उन्होंने जेएसएससी, जेपीएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मामलों की निष्पक्ष जांच कराने और मामले की सीबीआई जांच की मांग की।
इस दौरान पूर्व प्रांत सह मंत्री तनुज पाठक, अंकित मिश्रा, शिवम यादव, वैभव, अजय, अंकुश सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उधर, दुदही नगर इकाई के कार्यकर्ताओं ने के विरोध में प्रदर्शन किया। झारखंड सरकार का पुतला फूंका और नारेबाजी की। तहसील संयोजक दीपक शर्मा ने कहा कि विद्यार्थी परिषद छात्रहित से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामले में उचित कार्रवाई नहीं होने पर संगठन की ओर से आंदोलन को और तेज किया जाएगा। नगर मंत्री सूर्यांश मौर्य ने जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं को रद्द कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराने की मांग की।