मंसाछापर। जटहा बाजार थाना क्षेत्र के सोनवल गांव में सुनसान घर में पीछे का दरवाजा तोड़कर चोरों ने घर को खंगाल लिया। 25 हजार नकदी समेत आभूषण की चोरी की गई है। जाते समय चोर सीसीटीवी कैमरे को तोड़ते हुए डीवीआर को भी उठा ले गए हैं। सोमवार की देर शाम को जब ससुराल से पीड़ित परिवार के लोग लौटे तो चोरी का पता चला। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। वहीं, लोग पुलिस पर रात्रि गश्त नहीं करने का आरोप लगा रहे हैं।
गांव के चौराहे पर हाजी हनीफ का घर है। उनके ससुराल में कोई कार्यक्रम था तो वे 15 नवंबर को अपने पूरे परिवार के साथ घर में ताला लगाकर रामाकोला चले गए थे। सोमवार की देर शाम को वे अपने परिवार के साथ जब घर लौटे तो बाहर का दरवाजा अंदर से बंद था। घर के लोग जब पीछे गए तो देखा कि दरवाजा तोड़ दिया गया है। घर के कमरों में सामान बिखरा था और पेटी समेत आलमारी टूटी पड़ी थी। चोरों ने घर के अंदर पूरा सामान बिखेर दिया था। पीड़ित हाजी हनीफ के मुताबिक चोरों ने 25 हजार रुपए नकदी और दो चांदी के आभूषण की चोरी की है। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ दिया गया है और डीवीआर को भी वे अपने साथ लेते गए हैं। इस संबंध में एसओ मनोज वर्मा ने बताया कि वह अवकाश से आज ही लौटे हैं। मामले की जानकारी नहीं है। अगर पीड़ित ने तहरीर दी है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।