कप्तानगंज। रेलवे क्राॅसिंग पर चल रहे ओवर ब्रिज निर्माण के लिए क्राॅसिंग के पास सड़क पर रखे गर्डर से जाम लग रहा है। सुभाष चौक पर सड़क में ही फलों की दुकानें लगने से कस्बे की यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। जाम में फंसकर राहगीर और स्कूली बच्चे घंटों परेशान हो रहे हैं। कप्तानगंज कस्बे के एनएच-730 सड़क के रेलवे क्राॅसिंग पर ओवर ब्रिज निर्माण और दोनों तरफ सड़क और नाली का निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन यातायात व्यवस्था को दरकिनार करते हुए ठेकेदार की ओर से कार्य कराया जा रहा है और सड़क पर ही फलों की दुकानें लगने से कस्बे में रोजाना जाम लग रहा है।
कस्बे के गोलू मिश्रा, आरके मिश्रा, डाॅ. उपेंद्र सिंह, विनोद कुमार, गोविंद राव, योगेंद्र सिंह, मुकेश सिंह, गौरी शंकर वर्मा, मिथिलेश मिश्रा, मुलायम खरवार, राम प्रीत मद्धेशिया, श्याम सिंह, विनोद मिश्रा, दीनानाथ शुक्ल, पुनीत मिश्रा आदि का कहना है कि रेलवे क्रॉसिंग पर ठेकेदार ने लोहे का गर्डर रखने के लिए रेलवे क्रॉसिंग के पास लगभग आठ माह से सड़क पर रख दिया है। इसके चलते बड़े वाहन मोड़ पर घूमने के दौरान अक्सर फंस जाते हैं। इस कारण घंटों तक गाड़ियां में जाम में फंसी रहती हैं। वहीं कस्बे के सुभाष चौक पर फल दुकानदार अपनी दुकान सड़क पर लगाते हैं, जिसके चलते जाम की समस्या पूरे दिन रहती है।
जाम के कारण कप्तानगंज कस्बे में आने वाले बाहरी लोग जो बाजार के उद्देश्य या किसी अन्य काम के लिए आने से परहेज कर रहे हैं। वहीं ठेकेदार की ओर से यातायात व्यवस्था सही ढंग से चलने के लिए कोई समुचित व्यवस्था नहीं किया गया है। इस पर किसी जिम्मेदार का ध्यान नहीं जा रहा है। एनएचएआई गोरखपुर के अवर अभियंता अवधेश गुप्ता ने बताया कि रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माण को लेकर भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित किया गया है। रेलवे अपना काम कर रही है। संभावना है कि मार्च तक गर्डर रखने का काम शुरू हो जाएगा।