बीईओ ने ग्रामीणों और सहायक अध्यापक से जानकारी जुटाई, अमरोहा जिले का रहने वाला है आरोपी शिक्षक
कुशीनगर। तरयासुजान थाना क्षेत्र के एक परिषदीय विद्यालय में पांच वर्षीय छात्रा से दरिंदगी के के मामले में शनिवार को बीईओ सेवरही ने विद्यालय पहुंचकर विभागीय जांच शुरू कर दी। उन्होंने आरोपी शिक्षक नईमुद्दीन अंसारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं। जल्द ही नईमुद्दीन अंसारी को निलंबित कर दिया जाएगा। वह अमरोहा जिले का रहने वाला है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को विद्यालय में तैनात शिक्षामित्र गैरहाजिर थे। आरोपी नईमुद्दीन अंसारी विद्यालय का प्रभारी प्रधानाध्यापक है। उसने कक्षा एक की मासूम बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया। शनिवार को मामले की विभागीय जांच के लिए बीईओ सेवरही अमितेश कुमार विद्यालय पहुंचे।
उन्होंने ग्रामीणों और मौके पर मौजूद सहायक अध्यापक से वारदात के संबंध में जानकारी जुटाई। बीईओ ने बताया कि जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है। गौरतलब है कि मासूम छात्रा के साथ दरिंदगी करने वाला आरोपी अमरोहा जिले का निवासी है। विद्यालय में वर्ष 2019 से तैनात है। लोग आरोपी के विरुद्ध सोशल मीडिया पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
धार्मिक गुरुओं से जुड़ा था आरोपी : बताया जा रहा है कि आरोपी का व्यवहार शुरुआत में काफी मेलजोल वाला था, लेकिन कुछ दिनों से धार्मिक गुरुओं से जुड़ गया था।
इसके कारण उसमें काफी परिवर्तन देखने को मिल रहा था। पहले सेवरही कस्बे में किराए के मकान में रह रहा था। कुछ दिनों बाद ही सिसवा नाहर में किराए के मकान में रहने लगा था।