- असम से कुशीनगर तक फैले गांजा तस्करी के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही पुलिस, चार सिपाहियों का पहले भी आ चुका है नाम
- एसओजी ने आरोपी को किया गिरफ्तार तो छितौनी चौकी इंचार्ज और सिपाही का सह देने की पूछताछ में सामने आई जानकारी
- पनियहवा पुल के समीप गुमटी में गांजा बेचने वाले बृजभान उर्फ मुन्ना ने चौकी इंचार्ज और सिपाही का लिया था नाम
कुशीनगर। पनियहवा पुल के समीप गुमटी में गांजा बिकवाने के मामले में निलंबित किए गए छितौनी चौकी इंचार्ज, विवेक तिवारी और सिपाही हरेराम यादव की भूमिका की जांच हो रही है। एसओजी की पूछताछ में आरोपी बृजभान उर्फ मुन्ना ने कई जानकारियां दी हैं। गांजा उपलब्ध कराने वाले आरोपियों का कनेक्शन असम तक बताया जा रहा है। इसके पहले रामकोला थाने पर गांजा तस्करी के मामले में चार सिपाहियों पर प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है।
जानकारी के अनुसार, हनुमानगंज थाना क्षेत्र के पनियहवा ढाला के समीप बृजभान उर्फ मुन्ना गुमटी में गांजा अवैध तरीके से बेचता था। इसकी शिकायत कई बार छितौनी चौकी इंचार्ज विवेक तिवारी से लोगों ने की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। एसपी केशव कुमार तक शिकायत पहुंचने पर एसओजी टीम ने गांजा तस्कर को दबोच लिया। पूछताछ में पता चला कि चौकी इंचार्ज विवेक तिवारी और सिपाही हरेराम यादव के सह पर गांजा की बिक्री करता था। एसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
कार्रवाई की जद में आए दोनों पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच हो रही है। इनके संपर्क सूत्रों के बारे में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है। सूत्रों ने बताया कि जिन मादक पदार्थ तस्करों का नाम सामने आया है उनका नेटवर्क असम से जुड़ा है। इसके पूर्व में भी असम से गांजा लाकर बेचने वाले कई लोगों पर कार्रवाई हुई है। पुलिस पुराने रिकॉर्ड को खंगालकर पता लगा रही है कि आरोपियों में किसका नाम था, मुकदमे से उनका नाम तो नहीं निकला?, विवेचना में नया तथ्य क्या सामने आया था, जिन गाड़ियों से गांजा बरामद हुआ था, उन गाड़ी मालिकों का नाम सामने आया था, उनकी गिरफ्तारी हुई या नहीं जैसे जानकारी जुटा रही है।
रामकोला थाने पर 24 मार्च को गांजा तस्करी कराने के मामले में सुंदरलाल निषाद, सुरेश यादव उर्फ सुनील यादव, मनोज बिंद, रणजीत यादव उर्फ राहुल, पंकज, रत्नेश राय, दीपू भारती, धीरज, सिपाही सूरज गिरी बाबा, सिपाही विनोद गुप्ता, सिपाही जितेंद्र पाल, सिपाही नितेश पर प्राथमिकी दर्ज हुई थी। इसमें नितेश यादव, सूरज गिरी दो सिपाहियों की गिरफ्तारी हुई थी। इस मामले में आरोपी सिपाहियों के खिलाफ अभी तक चार्जशीट दाखिल नहीं हो सका है।
वर्जन
मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों पर पुलिस की नजर है। असम से कुशीनगर तक फैले नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस काम कर रही है। सभी थानाध्यक्ष को निर्देश दिया गया है कि किसी के क्षेत्र में मादक पदार्थ अवैध तरीके से बिकता हुआ मिला तो कार्रवाई तय है। इसकी क्रॉस चेकिंग भी कराई जा रही है। निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच कराई जा रही है।
- केशव कुमार, एसपी कुशीनगर