पडरौना। यूपी बोर्ड ने सभी माध्यमिक विद्यालयों को निर्देश दिया है कि वे अपनी स्कूल प्रोफाइल अपडेट करें। इसमें विद्यालय की जानकारी, शिक्षकों व कर्मचारियों का पूरा विवरण, जियो लोकेशन और उपस्थिति से जुड़ी जानकारी सही-सही भरना अनिवार्य किया है।
शासन के निर्देश पर डीआईओएस ने जिले के सभी विद्यालयों को पत्र जारी कर परिषद की वेबसाइट पर अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। डीआईओएस श्रवण कुमार गुप्ता ने जिले के माध्यमिक विद्यालयों को जारी पत्र में कहा कि सभी माध्यमिक स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे अपनी स्कूल प्रोफाइल को वेबसाइट upmsp.edu.in पर अपडेट करें। इसमें विद्यालय की जानकारी, भवन व सुविधाएं, मान्यता, पढ़ाए जाने वाले विषय, प्रधानाचार्य, शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का पूरा विवरण सही-सही दर्ज करना अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि विद्यालयों को ऐप से अपने स्कूल की तरफ से अपलोड होने वाली फोटो स्कूल के गेट के सामने से ली जाएगी। जिस पर स्कूल का नाम साफ दिखाई दे। इससे सभी स्कूलों की सही लोकेशन दर्ज हो सकेगी। उन्होंने बताया कि सभी स्कूल अपनी प्रोफाइल में काम कर रहे सभी शिक्षक और कर्मचारियों का सही विवरण दर्ज करें, जो लोग स्कूल छोड़ चुके हैं उनका नाम तुरंत हटा दें और नए आए शिक्षकों, कर्मचारियों का नाम सही-सही जोड़ा जाए।
शिक्षकों के मोबाइल नंबर सही लिखें, ताकि परीक्षा और कॉपी जांच जैसे काम में दिक्कत न हो। इसके अलावा रोजाना छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों की उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज हो। यह कार्य यूपीएमएसपी अटेंडेंस ऐप और परिषद की वेबसाइट पर करना जरूरी है।े