किसानों की आय बढ़ाने के लिए हों सार्थक प्रयास : शाही
प्रदेश के कृषि मंत्री ने सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ की बैठक
पडरौना। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने अधिकारियों को किसानों की अतिरिक्त आय बढ़ाने के लिए सार्थक प्रयास करने के निर्देश दिए। वह बृहस्पतिवार की शाम को सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे।
उन्होंने फसल उत्पादन में इंटर क्रॉपिंग पर जोर देने को कहा। हॉर्टिकल्चर, पौधशाला, बरवा फार्म में आलू के टिशू कल्चर को प्रोत्साहित करने की बात की। कृषि मंत्री ने धान के बीज के साथ अन्य फसल की खेती करने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान के साथ ज्वार, बाजरा और मूंगफली की खेती की जा सकती है।
बैठक में एआर कॉपरेटिव से उन्होंने पैक्स समिति के बारे में जानकारी ली। कृषि मंत्री ने पीएम किसान सम्मान निधि के लिए ई-केवाईसी कराना अनिवार्य बताया। उन्होंने किसानों से कहा कि वे अपना ई-केवाईसी 15 अगस्त तक लें।
बैठक में विधायक पडरौना मनीष जायसवाल, विधायक हाटा मोहन वर्मा, जिलाध्यक्ष प्रेमचंद्र मिश्रा, सीडीओ उपमा पांडेय, सीएमओ सुरेश पटारिया, उप कृषि निदेशक आशीष श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।