हाटा। कोतवाली क्षेत्र के सुकरौली में 16 जनवरी को बंचरा जाने वाली सड़क पर बाइक की चपेट में आकर घायल हुए एक दस वर्षीय बालक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी। उधर, इलाज के दौरान दुर्घटना में घायल बाइक चालक युवक का सोमवार को मौत हो गई। दोनों परिवारों की ओर से मिली तहरीर पर पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है। हाटा कोतवाली के पैकौली गांव निवासी 19 वर्षीय आदित्य साहनी बीते बृहस्पतिवार को बाइक से सुकरौली जा रहे थे। अभी वे कस्बा से गुजरी नहर के पास पहुंचे ही थे कि उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। इसके चपेट में आने से बेलवा बलुवा निवासी दस वर्षीय अंश गंभीर रूप से घायल हो गया। मौजूद लोग अभी उन्हें अस्पताल भेजने की व्यवस्था में लगे थे, उसी दौरान उसकी मौत हो गई थी। बाइक चालक को लोगों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुकरौली भेजवाया, जहां उनकी हालत गंभीर देख डॉक्टर ने मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया था।