तरयासुजान। थाने के पास शनिवार की रात शाम दो बाइकों की टक्कर में घायल युवक की जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। उसकी मौत से परिवार में चीत्कार मच गई है। रविवार को उसके शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शनिवार को रात तरयासुजान थाना क्षेत्र के बाकखास गांव के निवासी पारस पटेल (30) पुत्र नरेश पटेल बाइक से अपने घर से भुलिया अगरवा जा रहे थे। तरयासुजान थाने के पास सामने से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें पारस पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची तरयासुजान थाने की पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से तमकुहीराज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां ले जाते समय रास्ते में पारस की मौत हो गई।
तरयासुजान पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार को पोस्टमार्टम से शव आने के बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पारस पांच बहनों में इकलौते भाई थे। उनका एक लड़का आयुष कुमार (4) और एक पुत्री अनन्या (2) है। मृतक की मां आठ वर्ष पहले ही गुजर गई थीं। पारस घर के इकलौते कमाऊ सदस्य थे।