30 अप्रैल को होमगार्ड के पैर में मार दी थी टक्कर
आरोपी और उसके पिता पर धमकी देने का भी आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
पटहेरवा। होमगार्ड को बाइक से टक्कर मारकर घायल करने वाले युवक और उसके पिता के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई होमगार्ड की तहरीर पर की है।
पांडेयपट्टी निवासी होमगार्ड कैलाश माली ने पटहेरवा थाने में तहरीर देकर बताया कि 30 अप्रैल की शाम करीब सात बजे चौराखास थाने से ड्यूटी कर बाइक से घर लौट रहे थे। उसी दौरान फाजिलनगर ओवरब्रिज के पास तुर्कपटी थाना क्षेत्र के चंद्रौटा गांव के निवासी शमीम ने बाइक से विपरीत दिशा से आकर पैर में टक्कर मार दी।
इससे पैर कई जगह से टूट गया। शमीम घटना के बाद बाइक छोड़कर भाग गया। स्थानीय लोगों ने उन्हें फाजिलनगर सीएचसी पहुंचाया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां से उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज हुआ।
होमगार्ड का आरोप है कि जब इलाज कराकर आए तो आरोपी और उसके पिता घर आए और मामले में समझौता करने के लिए दबाव डालने लगे। मना किया तो गाली-गलौज करते हुए धमकी देकर चले गए।
होमगार्ड की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी और उसके पिता पर धमकी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अनिल उपाध्याय ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।