कुशीनगर में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर टर्मिनल बिल्डिंग के निर्माण की जानकारी लेते
- फोटो : KUSHINAGAR
एयरपोर्ट का बनेगा स्वतंत्र फीडर, तीन करोड़ 55 लाख होंगे खर्च
कसया। निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट कुशीनगर को निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए कसया विद्युत उपकेंद्र में नया फीडर बनाया जाएगा। यहां से एयरपोर्ट तक विद्युत आपूर्ति के लिए अंडर ग्राउंड केबिल बिछाई जाएगी। इस पर तीन करोड़ 55 लाख रुपये खर्च होंगे।
कुशीनगर एयरपोर्ट से जल्दी उड़ान शुरू कराने के लिए एयरपोर्ट अथारिटी ऑफ इंडिया व जिला प्रशासन के साथ-साथ कार्यदाई संस्थाएं भी युद्धस्तर पर जुटी हुई हैं। एयरपोर्ट अथारिटी गोरखपुर के डायरेक्टर एके द्विवेदी व अन्य अफसर वर्तमान स्थिति की रिपोर्ट लगातार उच्चाधिकारियों को भेज रहे हैं। इस अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट को जरूरी विद्युत आपूर्ति के लिए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र कसया में स्वतंत्र फीडर स्थापित होना है। इस फीडर से एयरपोर्ट को 1600 केवी का कनेक्शन दिया जाएगा। इसके लिए एयरपोर्ट तक अंडर ग्राउंड केबिल बिछाया जाएगा।
एसडीओ कसया अवनीश श्रीवास्तव ने बताया कि एयरपोर्ट को कनेक्शन देने के लिए तीन करोड़ 55 लाख रुपये अवमुक्त भी हो चुके हैं। जल्दी ही फीडर की स्थापना व केबिल बिछाकर आपूर्ति देने का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
एयरपोर्ट अथारिटी ने भेजा पत्र
एयरपोर्ट अथारिटी ऑफ इंडिया की तरफ से सिविल एयरपोर्ट गोरखपुर के डायरेक्टर एके द्विवेदी ने विद्युत वितरण मंडल कुशीनगर के अधीक्षण अभियंता को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए नया बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए पत्र भेजा है। पत्र में अथारिटी व उत्तर प्रदेश सरकार के बीच पांच मार्च 2019 में हुए करार जानकारी दी गई है। इसके अनुसार एयरपोर्ट को विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की है।