पडरौना। पर्याप्त नींद नहीं आने पर नशीले पदार्थ का सेवन करने पर आप अवसाद की चपेट में आ सकते हैं। अस्पतालों में हर दिन इस तरह के मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
मनोचिकित्सक की जांच में नींद की कमी, नशीले पदार्थों का सेवन, ठंड में धूप न मिलने से शरीर में विटामिन डी की कमी समेत अन्य कई वजह सामने आ रहे हैं। इसलिए लोगों को सतर्कता बरतते हुए डॉक्टर की सलाह पर नींद की दवाओं को लेना चाहिए।
मेडिकल कॉलेज के मनोरोग विभाग में प्रतिदिन करीब 40 मरीज पहुंच रहे हैं। इसमें करीब 10 मरीज अवसाद से ग्रसित हैं। मनोचिकित्सक के मुताबिक आम तौर पर ठंड के सीजन में अवसाद के मरीजों की संख्या बढ़ जाती है। अवसाद से ग्रसित मरीजों की जांच में नींद की कमी और नशीले पदार्थों के सेवन व शरीर में विटामिन-डी की कमी सामने आ रही है। ठंंड के सीजन में दिन छोटा होता है। शरीर को पर्याप्त धूप न मिलने के कारण विटामिन डी की कमी हो जाती है। इससे अवसाद बढ़ता है। अवसाद से पीड़ित मरीज का किसी काम में मन नहीं लगता है।