हिरण्यवती नदी में नौकायन शुरू होने के बाद बढ़ रही भीड़
कसया(कुशीनगर)। भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर को पर्यटक सुविधाओं के लिहाज से बेहतर बनाया जा रहा है। बुद्धा घाट से हिरण्यवती नदी में नौकायन शुरू होने के बाद अब वहां दो नए कैंटीन भी खोले जा रहे हैं। इसके अलावा पार्क को भी आकर्षक बनाने के लिए सजाया और संवारा जा रहा है।
रामाभार स्तूप के पास हिरण्यवती नदी पर बुद्धा घाट बनाया गया है। बगल में ही जीवक उपवन व चिल्ड्रेन पार्क का निर्माण कराया गया है। इस पार्क के सुंदरीकरण का काम प्रशासन की ओर से किया जा रहा है। इसमें सड़क, पेयजल, प्रकाश व पार्किंग समेत अन्य संसाधनों को मुहैया कराने का काम हो रहा है। बुद्धा घाट से रामाभार पुल तक हिरण्यवती नदी में नौकायन भी शुरू हो चुका है। इसके चलते अब इस घाट पर लोगों की भीड़ जुटने लगी है। पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखकर बुद्धा घाट पर दो कैंटीन बनाया गया है। घाट के प्रवेश द्वार और पार्क में लाइट लगाने का कार्य तेजी पर है।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कसया पूर्ण बोरा ने बताया कि यहां बने दोनों कैंटीन का आवंटन हो चुका है। बुद्धा घाट के बगल में स्थित जीवक उपवन में बना कैंटीन आठ हजार रुपये प्रति माह और चिल्ड्रेन पार्क के कैंटीन को छ हजार रुपये प्रति माह के किराए पर दो दुकानदारों को आवंटित किया गया है। आवंटित दुकानदारों से छह माह का किराया जमानत धनराशि के रूप में जमा कराया गया है। कसाडा को एक वर्ष में इन दोनों कैंटीन के संचालन से एक लाख 68 हजार रुपये की आय होगी। इससे राजस्व बढ़ने के साथ-साथ पर्यटन व्यवसाय भी बढ़ेगा। सोमवार को दोनों कैंटीन का आवंटन किया गया। एक अप्रैल से कैंटीन का संचालन शुरू हो जाएगा। इस मौके पर नगर पालिका कुशीनगर के ईओ प्रेमशंकर गुप्त, सभासद राम अधार यादव, आशीष द्विवेदी, ब्रजेश मणि त्रिपाठी, हरिशंकर सिंह, श्रवण तिवारी, टीके राय आदि मौजूद रहे।