इस बीमारी के केस मिले तो भर्ती किए जाएंगे पीआईसीयू में
- दो साल के बच्चों से लगायत 21 साल तक के लोग आ सकते हैं इसकी चपेट में
संवाद न्यूज एजेंसी
कुशीनगर। चीन के उत्तरी क्षेत्र में तेजी से फैल रहे एवियन इन्फ्लूएंजा एच-1 एन-2 को लेकर केंद्र सरकार की ओर से अलर्ट जारी होने के बाद कुशीनगर का स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। इसके लिए मेडिकल कॉलेज के 25 बेड वाले पीआईसीयू में डॉक्टर, फार्मासिस्ट और स्टॉफ नर्सों की ड्यूटी लगा दी गई है। यदि इस्के रोगी मिलते हैं ताे उन्हें तत्काल यहां भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया जाएगा।
चीन में फैली इस खतरनाक बीमारी को लेकर 24 नवंबर को जनपद के तीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों कसया क्षेत्र के सपहां, सेवरही और खड्डा सीएचसी में सीएमओ की देखरेख में ऑक्सीजन प्लांट की मॉकडि्रल कर उनकी गुणवत्ता और क्रियाशीलता परखी जा चुकी है। इसके एक दिन बाद जनपद मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज में भी तीन ऑक्सीजन प्लांट का मॉकडि्रल हुई थी। तीनों ऑक्सीजन प्लांट क्रियाशील पाए गए थे।
इसके बाद अब 25 बेड के पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (पीआईसीयू) को इसके लिए आरक्षित किया गया है। यदि इस बीमारी के केस जनपद में मिलते हैं तो मरीजों को इसी वार्ड में भर्ती किया जाएगा। इसके लिए आठ-आठ घंटे के अंतराल पर एक-एक बाल रोग विशेषज्ञ, फेसीलिटेटर और नोडल के रूप में डॉ. मलय और डॉ. दिलीप कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा छह स्टॉफ नर्स भी तैनात की गई हैं। इसके अलावा दवाइयाें की व्यवस्था भी इसके लिए अलग से कर ली गई है।
00000
चीन में फैली एवियन इन्फ्लूएंजा को देखते हुए केंद्र सरकार की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। इसके लिए एडवाजरी यहां के मेडिकल कॉलेज में भी आई है। अभी इस तरह का कोई भी केस नहीं आया है। इसके लिए इंसेंसियल एवं नॉन इंसेंसियल ड्रग्स मंगा ली गई है। मेडिकल कॉलेज में प्राप्त एडवाइजरी के अनुरूप सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
-डॉ. एचएस राय, सीएमएस, जिला अस्पताल/मेडिकल कॉलेज
00000
दो साल के बच्चों से लेकर 21 साल के युवाओं में होता है संक्रमण
एवियन इन्फ्लूएंजा वाले मरीजों में सर्दी, जुकाम, खांसी और निमोनिया और सांस फूलने की समस्या होती है। ऐसी संभावित है कि यह रोग दो साल के बच्चों से लेकर 21 साल के युवाओं को प्रभावित कर सकता है।
-डाॅ. एचएस राय, सीएमएस