संवाद न्यूज एजेंसी
तमकुहीरोड। एपी बांध पर जवही दयाल गांव के पास रविवार देर शाम नदी का दबाव बढ़ गया। इससे बांध किनारे बोल्डर से कराए गए रिवेटमेंट का करीब पांच मीटर हिस्सा धंस गया। सूचना मिलते ही बाढ़ खंड के एक्सईएन और अभियंता ने बांध की मरम्मत कराई। अधिकारियों ने बताया कि अभी बांध पूरी तरह सुरक्षित है।
गंडक का जलस्तर रविवार को एक बार फिर बढ़ना शुरू हो गया है। इससे एपी और नरवाजोत बांध पर नदी का दबाव बनने लगा है, जिससे लोगों में कटान होने का खतरा बढ़ गया है। जवही दयाल गांव के पास 3.300 किलोमीटर पर भारी दबाव है। नदी ठोकर के साथ बांध से भी टकराने लगी थी। देर शाम होते-होते दबाव इतना बढ़ गया कि बांध से सटे बोल्डर से कराए गए रिवेटमेंट का करीब पांच मीटर हिस्सा पानी मे धंस गया। इससे गांव वालों को अनहोनी की चिंता सताने लगी। उस स्थान से बांध की दूरी मात्र पंद्रह मीटर ही थी। लोगों को आशंका थी कि रात में स्थिति कभी भी भयावह हो सकती है। सूचना पर पहुंचे बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता एमके सिंह, एसडीओ रमेश यादव, जेई चंद्रप्रकाश, जेई सुनील यादव और जेई रमेशधर दुबे आदि मौके पर पहुंचकर देर रात बंधे पर स्थिति का जायजा लेते रहे। इस संबंध में बाढ़ खंड के एक्सईएन एमके सिंह ने कहा कि फिलहाल खतरे की कोई बात नहीं है। स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पानी हटने के बाद क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत करा दी जाएगी।