सरकार हर गांव को ओडीएफ बनाने की मुहिम में लगी है लेकिन नौनिहालों के लिए परिषदीय विद्यालयों में बने शौचालयों की खराब दशा की तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है। विशुनपुरा क्षेत्र के 11 पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में या तो शौचालय बने ही नहीं हैं या फिर ध्वस्त हो गए हैं। इससे वहां पढ़ने वाले बच्चों को दिक्कतें हो रही हैं।
गांवों को खुले में शौचमुक्त बनाने के लिए स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए प्रत्येक गांव को साफ-सुथरा रखने तथा उन्हें ओडीएफ घोषित करने की मुहिम चलाई जा रही है। लेकिन ग्राम पंचायतों में स्थित परिषदीय विद्यालयों के शौचालयों की तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है। खंड शिक्षा अधिकारी एसएन प्रजापति ने ब्लॉक को भेजी गई अपनी रिपोर्ट में बताया है कि पूर्व माध्यमिक विद्यालय डुमरी सहोदरपट्टी तथा हिरनही में शौचालय वर्षों से ध्वस्त पड़ा है। पूर्व माध्यमिक विद्यालय पुर्नहा मिश्र में शौचालय जर्जर हालत में है। इसके अलावा पूर्व माध्यमिक विद्यालय अकबरपुर, कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय घूरछपरा, कंठीछपरा, भुईसोहरा, तेजपुर रोंवारी, सोहनपुर, अरनहवा तथा बाजूपट्टी के विद्यालय शौचालयविहीन हैं। गांवों में शौचालय बनाने का काम जोरों पर है। उसे बनवाने में जिम्मेदारों की दिलचस्पी भी है लेकिन वहीं इन विद्यालयों में 11 वर्ष से ऊपर के पढ़ने वाले बालक-बालिकाओं के लिए खुले में शौच जाने की विवशता है। बीईओ ने बीडीओ को रिपोर्ट सौंपकर शौचालय निर्माण की मांग की है।