मंसाछापर। जटहा बाजार थाना क्षेत्र के पूरनहा मिश्र गांव में सागौन के पेड़ों की अवैध कटान का मामला सामने आया है। प्राथमिक विद्यालय के पीछे बिना परमिट नौ पेड़ काटे गए। रविवार को पांच पेड़ काटकर लकड़ी उठा ली गई थी। सोमवार को चार अन्य पेड़ों की कटान की जा रही थी।
रेंजर अशोक यादव को सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम को देखते ही कथित लकड़ी माफिया वहां से भाग गए। वन विभाग ने मौके पर मिली कटी लकड़ी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। रेंजर अशोक यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम भेजी गई है और जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई होगी। वन विभाग की टीम के अनुसार, जब्त लकड़ी को रेंज कार्यालय ले जाया जाएगा। स्थानीय लोगों के अनुसार, गांव में दो दिनों से पेड़ों की कटान चल रही थी। रविवार को पांच पेड़ काटे जाने के बाद भी वन विभाग को इसकी भनक नहीं लगी। इससे जिम्मेदारों की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।