पेट्रोल पंप पर खड़े अवैध बालू लदे आठ ट्रक पकड़े
जौरा बाजार (कुशीनगर)। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के मधुरिया चौहान पट्टी के पास पेट्रोल पंप पर खड़े अवैध बालू लदे आठ ट्रकों को एसडीएम ने पकड़ लिया। मौके से चार ट्रक ड्राइवर भी पकड़े गए। प्रशासन की कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
बिहार प्रांत से प्रतिदिन बालू लेकर ओवरलोड और बिना वैध कागजात के ट्रक हाईवे से गुजरते हैं। पिपरा रज्जब से मधुरिया चौहानपट्टी तक हाईवे पर ढाबों और पेट्रोल पंप किनारे ट्रक खड़ा करके ड्राइवर आराम करते हैं। सोमवार की सुबह उपजिलाधिकारी कसया गोपाल शर्मा को इसकी जानकारी मिली।
वह तहसीलदार मांधाता सिंह के साथ मधुरिया चौहान पट्टी के पास पेट्रोल पंप पर पहुंचे। वहां आठ बालू लदे ओवरलोड ट्रक मिले। एसडीएम के निर्देश पर पुलिस, सभी ट्रकों को कसया थाने ले गई।
कोट
सभी ट्रकों को कब्जे में लिया गया है। जो लोग वैध कागजात प्रस्तुत करेंगे, उनके ट्रक छोड़ दिए जाएंगे। अवैध ढंग से बालू लदे ट्रक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-गोपाल शर्मा, उपजिलाधिकारी