तमकुहीराज। रास्ते की जमीन पर अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ मंगलवार दोपहर बाद तहसील प्रशासन ने बुलडोजर की मदद से कब्जा हटाया। चार लोगों का अवैध कब्जा खाली कराया गया, जबकि तीन लोगों के पास रहने के लिए कोई सुविधा नहीं थी तो उनको अतिरिक्त समय कब्जा खाली करने के लिए दिया गया। एक अवैध कब्ज़ाधारी बेदखली के कारवाई का विरोध करने लगा इसके कारण एहतियात के तौर तीन को हिरासत में लिया गया। तरयासुजान थाना क्षेत्र के आराजी भगवानपुर मे रास्ते के जमीन के ऊपर गांव के ही सात लोगों का अवैध कब्जा था। शिकायत के बाद राजस्व टीम की जांच में सत्यता की पुष्टि के बाद तहसीलदार तमकुहीराज के न्यायालय से सातों अवैध कब्ज़ाधारियों के खिलाफ बेदखली का आदेश पारित किया। मंगलवार को नायब तहसीलदार तमकुहीराज कुंदन वर्मा, कानूनगो जयंत गुप्ता, बृजेश कुमार, शैलेन्द्र पाण्डेय आदि के नेतृत्व में राजस्व व पुलिस की आदेश के अनुपालन के लिए आराजी भगवानपुर गांव पहुंची और कृपाशंकर, रामनरेश, बबन, ललन के अवैध कब्जे को बुलडोजर की मदद से खाली कराया। नायब तहसीलदार तमकुहीराज कुंदन वर्मा ने बताया कि जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के तहत रास्ते की जमीन पर अवैध कब्जे को खाली कराया गया है।