आरओ प्लांट में चल रही थी फैक्ट्री
संवाद न्यूज एजेंसी
कप्तानगंज। थाना क्षेत्र के बड़हरा बाबू नंबर दो में एक आरओ प्लांट में चल रही अवैध शराब की फैक्ट्री का पुलिस और स्वॉट टीम ने भंडाफोड़ किया। वहां भारी मात्रा में शराब और उसे बनाने की सामग्री बरामद हुई। पुलिस ने तीन व्यक्तियों को भी पकड़ा।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बड़हरा बाबू नंबर दो निवासी संतोष सिंह के आरओ प्लांट में बृहस्पतिवार की सुबह एसएचओ विनय कुमार सिंह और स्वॉट टीम प्रभारी सुशील कुमार शुक्ला ने भारी पुलिस बल के साथ छापा मारा। वहां काफी मात्रा में अवैध शराब और उसे बनाने के उपकरण बरामद हुए।
इसके अलावा अल्कोहल, नौसादर, यूरिया आदि भी बरामद हुआ। कसया के सीओ कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि अवैध शराब की फैक्ट्री चलाने वाले बड़हरा बाबू नंबर दो निवासी संतोष कुमार सिंह, नवरंग सिंह और गोरखपुर जनपद के पिपराइच थाना क्षेत्र के नरकटिया निवासी विजय कुमार मद्धेशिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा दो चार पहिया वाहन भी कब्जे में लिया गया है।