पडरौना। चौराखास थाने की पुलिस ने रविवार को अवैध शराब की खेप के साथ बोलेरो को बरामद कर अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस कार्रवाई में जुटी है। बताया जा रहा है कि शराब की खेप लेकर बिहार में प्रवेश करते समय पुलिस ने तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।
चौराखास थाने के इंस्पेक्टर चन्द्रभूषण प्रजापति ने बताया कि रविवार को उन्हें सूचना मिली कि एक तस्कर शराब की खेप लेकर बिहार जाने वाला है। इस सूचना के बाद थाना क्षेत्र के बड़हरा के समीप पुलिस टीम के साथ वह वाहनों की चेकिंग में लग गए। हर आने-जाने वाले वाहनों को रोककर उसकी तलाशी शुरू कर दी गई। तभी एक बोलेरो आती दिखी। पुलिस को देखकर चालक भागने की फिराक में था। पुलिस ने बोलेरो की तलाशी ली तो उसमें से दो अलग-अलग कंपनियों की अंग्रेजी शराब 1278 टेट्रा पैक, 180 एमएल, 24 बोतल 375 एमएल बरामद की गई। शराब तस्कर पंकज कुमार महतो निवासी ग्राम नेवादा थाना रसूलपुर जिला छपरा (सारन) बिहार को गिरफ्तार किया गया है। एसओ ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।