चिरईयहवा गांव में पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी लेते आईजी और एसपी।संवाद
पूर्व राज्यमंत्री के काफिले पर हुआ था हमला, पीड़ित परिवार के घर तैनात की गई फोर्स
संवाद न्यूज एजेंसी
मंसाछापर। पडरौना कोतवाली क्षेत्र के चिरइयहवा गांव में शुक्रवार की देर शाम पूर्व राज्यमंत्री डॉ. अरविंद राजभर के काफिले पर हमला का मामला चर्चा में आने के बाद शनिवार की शाम आईजी जे रविंद्र गौड़ और एसपी धवल जायसवाल पहुंचे। आईजी ने मृतक परिवार के परिजनों से घटना के बारे में जानकारी ली। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिए। आईजी ने गांव के लोगों को किनारे ले जाकर घटना के बारे में जानकारी ली। पीड़ित परिवार की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई।
शुक्रवार की देर शाम सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर अपने समर्थकों के साथ चिरइयहवा गांव में पहुंचे। करीब एक घंटे तक पीड़ित परिवार से मिलकर घटना के बारे में जानकारी ली। पूर्व राज्यमंत्री का आरोप है कि वहां से लौटते समय करीब 200 लोगों ने उनके काफिले को रोक दिया। यह भी आरोप है कि पथराव करने से दो वाहनों के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के करीब एक घंटा बाद कोतवाल पहुंचे और इस बारे में जानकारी लिए।
शनिवार को मामला चर्चा में आने के बाद शाम करीब छह बजे आईजी जे रविंद्र गौड़, एसपी धवल जायसवाल, सीओ सदर उमेश चंद्र भट्ट समेत कई थानों की पुलिस गांव में पहुंची। आईजी पीड़ित परिवार से मिलकर घटना के बारे में जानकारी लिए। पीड़ित परिवार ने आईजी को बताया कि मामला मैनेज करने के लिए उन लोगों को धमकाया जा रहा है।
आईजी ने गांव के कुछ लोगों को किनारे बुलाकर अकेले घटना के बारे में जानकारी ली। आईजी के निर्देश पर पीड़ित परिवार के घर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई। आईजी ने पीड़ित परिवार से कहा कि इस घटना में तहरीर दीजिए। पुलिस आरोपियों पर कार्रवाई करेगी।
पीड़ित परिवार का आरोप था कि मामला मैनेज करने के लिए उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है। आईजी पीड़ित परिवार को कार्रवाई का आश्वासन देकर चले गए।