पचरुखिया में बुजुर्ग जीउत की जमीन पैमाइस कर कब्जा दिलाते तहसीलदार एवं राजस्व टीम।संवाद।
- फोटो : KUSHINAGAR
अंग बेचने की अनुमति मांगी तो जमीन पर दिलाया कब्जा
बुजुर्ग जीउत लेखपाल को रिश्वत देने के लिए बेचना चाहते थे अंग
दुदही(कुशीनगर)। लेखपाल को रिश्वत देने के लिए पीड़ित बुजुर्ग ने अपने शरीर के कीमती अंग को बेचने की इच्छा जाहिर करते हुए हाईकोर्ट के जज, मुख्यमंत्री सहित अन्य लोगों को पत्र भेजकर अनुमति मांगी थी। इस मामले को ‘अमर उजाला’ ने 14 सितंबर के अंक में प्रकाशित किया था। डीएम ने मामले को संज्ञान में लेकर तहसीलदार को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। शुक्रवार शाम को राजस्व विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर तहसीलदार ने जमीन पैमाइश कर पीड़ित को कब्जा दिलाया।
करीब 30 वर्ष पहले जंगल पचरुखिया निवासी जीउत ने पत्नी की नसबंदी कराई थी। जीउत के मुताबिक ऑपरेशन के दौरान पत्नी की मौत हो गई थी। इसके बदले प्रशासन ने उसे आवास और कृषि योग्य भूमि का पट्टा दिया था।
पीड़ित को आवास अब तक नहीं मिला है। जबकि पट्टे में मिली कृषि योग्य भूमि पर गांव के कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया था। डीएम के आदेश के बावजूद उन्हें कब्जा नहीं मिल पा रहा था। पीड़ित ने आरोप लगाया था कि जमीन पर कब्जा दिलाने के लिए लेखपाल रिश्वत मांग रहे हैं। सदर तहसीलदार सुमित सिंह ने बताया कि पीड़ित को मिले पट्टे की जमीन की पैमाइश की गई है। इस कुछ भूमि खाली पड़ी थी, जिस पर कब्जा दे दिया गया है। शेष भूमि पर कुछ लोगों का कब्जा है। कब्जाधारियों को नोटिस देकर एक सप्ताह के भीतर खाली करने के निर्देश दिए गए हैं।