पिपरा कनक। तमकुही ब्लॉक के 13 ग्राम पंचायत की आईडी पासवर्ड डीपीआरओ कार्यालय से बंद कर दिए जाने के कारण मृत्यु व जन्म प्रमाणपत्र नहीं बन पा रहे हैं। वहां के लोगों को सरकारी योजनाओं का न तो लाभ मिल पा रहा है और न ही भूमि वरासत की प्रक्रिया पूरी हो पा रही है।
जबकि, फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया भी बाधित है। पीड़ित लोग संबंधित अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिल रहा है। इससे लोगों में काफी आक्रोश है।
ब्लॉक के जिन 13 ग्राम पंचायतों की आईडी व पासवर्ड डीपीआरओ कार्यालय से बंद की गई है, उन ग्राम पंचायतों के लोग मृत्यु व जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए बहुत परेशान हो रहे हैं।
कारण यह बताया जा रहा है कि कुछ माह पूर्व फर्जी मृत्यु व जन्म प्रमाणपत्र बनाए जाने का भांडा-फोड़ होने के बाद उस प्रकरण की अभी जांच संबंधित एजेंसियों की ओर से की जा रही है। इसके कारण पिपरा कनक, बलुआ तकिया, बभनौली रजवटिया, देवपोखर, पकड़ी गोसाई, लतवाजीत, बरवा सुखदेव, चखनी दुखी मिश्र, राजापाकड़, पिपरा बघेल, सपही टड़वा, परसौनी खुर्द व कोरया भेलही गांव का आईडी व पासवर्ड डीपीआरओ कार्यालय की ओर से बंद कर दिया गया है।
इस संबंध में एडीओ पंचायत रामायण गुप्ता ने बताया कि विकास खंड के 13 ग्राम पंचायतों की आईडी डीपीआरओ कार्यालय की ओर से बंद की गई है, जांच पूरी होते ही खोल दी जाएगी।
खंड विकास अधिकारी अनिल कुमार राय ने बताया है कि इस समस्या के चलते कई बार डीपीआरओ कार्यालय से पत्र-व्यवहार किया गया है कि इस समस्या का जल्द कोई हल निकाला जाए।त