कसया (कुशीनगर)।कुशीनगर के मुख्य गेट के सामने ओवरब्रिज बनाने के लिए बृहस्पतिवार को शुरू किया गया अनशन शुक्रवार को समाप्त हो गया। एसडीएम कसया ने मौके पर पहुंचकर अनशन कर रहे लोगों की मांग से शासन और उच्चाधिकारियों को अवगत कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया।
तहसील क्षेत्र के अनिरुद्धवा गांव निवासी सामाजिक कार्यकर्ता जोगिंदर गुप्ता व पिपराझाम निवासी छोटेलाल सिंह ने कुशीनगर स्थित मुख्य गेट के सामने बृहस्पतिवार को अनशन शुरू किया था। इनकी मांग थी कि कुशीनगर में झुंगवा गांव से लेकर हिरण्यवती नदी तक एनएच-28 पर ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए। इन लोगों का आरोप था कि ओवरब्रिज बनाने के लिए कई बार भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, सड़क परिवहन राजमार्ग एवं पोत परिवहन मंत्री भारत सरकार को पत्र भेजा गया। वहां से पत्र को आवश्यक कार्रवाई के लिए मुख्य अभियंता (पी-2) सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भेज दिया जाता है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। मौके पर पहुंचे एसडीएम श्रीप्रकाश शुक्ल ने उनकी मांगों से उच्चाधिकारियों को अवगत कराने का भरोसा दिलाया। इसके बाद जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया। इस दौरान दिव्येंदु मणि त्रिपाठी, केशव, रजनीश त्रिपाठी, गुड्डू रंगीला, शिशिर, मोनू सिंह, शुभम पाठक, दिनेश गुप्ता, आकाश पटेल, डेविड राय, मुकेश जायसवाल, अतुल मिश्र, हैप्पी मिश्र, श्याम पांडेय आदि मौजूद रहे।