मंसाछापर। पडरौना कोतवाली क्षेत्र के कुरमौल उर्फ सोहनपुर गांव में बृहस्पतिवार की सुबह खेत की जोताई के दौरान मानव सिर का कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर कोतवाल ओमप्रकाश तिवारी भी पहुंचे और खोपड़ी को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
गांव के प्रसाद राजभर सुबह करीब आठ बजे अपने खेत की जोताई करा रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर के कल्टीवेटर में मानव सिर का कंकाल फंसकर बाहर आ गया। कंकाल देखते ही लोग दंग रह गए। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। कोतवाल ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि खेत से मानव कंकाल मिला है। वह काफी पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।