पडरौना। अठारह वर्ष की उम्र पूरी कर चुके हर युवक-युवती का मतदाता सूची में नामांकन और आगामी चुनाव में शत प्रतिशत मतदान के लिए बृहस्पतिवार को वृहद स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जागरूकता रैली में शामिल विद्यार्थियों ने पडरौना नगर से जनपद मुख्यालय तक पांच किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाई। स्लोगन लिखे तख्तियों और बैनर से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया।
इसके बाद नगर में आयोजित एक गोष्ठी में अधिकारियों और वक्ताओं ने मतदान का महत्व बताया।
डीएम शंभु कुमार ने जागरूकता रैली को रवाना करते हुए कहा कि एक जनवरी 2017 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके विद्यार्थियों सहित हर बालिग को अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा लेना चाहिए। ताकि विधानसभा चुनाव में अपने क्षेत्र के लिए सही रहनुमा चुन सकें।
एसपी भारत सिंह यादव ने कहा कि इस मानव श्रृंखला से पूरे जिले में संदेश जाएगा और लोग अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के साथ ही मतदान में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। रैली में पडरौना नगर और आसपास के कई विद्यालयों के विद्यार्थी और गुरुजन शामिल थे।
इसके बाद हनुमान इंटरमीडिएट कॉलेज में मतदाता जागरूकता गोष्ठी में शामिल हुए। सीडीओ केदारनाथ सिंह और एडीएम कृष्णलाल तिवारी सहित कई लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए। डीएम ने विद्यालय में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद पौधरोपण भी किया।
इसके बाद अफसरों ने उदित नारायण इंटरमीडिएट कॉलेज में छात्रों की ओर से बनाए गए भारत के मानचित्र का अवलोकन किया।
इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट संजीव रंजन, पीडी राजेंद्र प्रसाद, डीसी मनरेगा एमपी चौबे, एएसपी लालसाहब यादव, सीओ शशिशेखर सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी मोहन त्रिपाठी, एएसडीएम जयचंद पांडेय, जिला विद्यालय निरीक्षक ओपी राय, प्रधानाचार्य राजेश मिश्र, शैलेंद्र दत्त शुक्ल, डॉक्टर गोरख राय, डॉक्टर अश्विनी पांडेय, डॉक्टर सुनीता पांडेय, अनूप मिश्र, अजय कुमार मिश्र, अभिषेक तिवारी सहित सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्य, बीईओ और अन्य लोग मौजूद थे।