हाटा। हाटा नगर के बाघनाथ चौराहा और केन यूनियन चौराहा पर फ्लाईओवर के निर्माण के लिए हाईवे की टीम ने सोमवार को अतिक्रमण हटाया। निर्माण की जद में आने वाले पक्के मकानों पर भी बुलडोजर चला और उन्हें तोड़कर हटा दिया गया। टीम के सदस्यों ने बताया कि फ्लाईओवर का निर्माण शुरू करने से पहले सर्विस लेन को और चौड़ा करना है ताकि निर्माण के समय यातायात में कोई अवरोध उत्पन्न हो।
सोमवार को नेशनल हाईवे की टीम हाटा नगर के केन यूनियन चौराहा पर पहुंची। टीम ने सबसे पहले ऐसे लोगों से खुद अतिक्रमण हटाने के लिए कहा। इसके बाद टीम ने जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटवाया। कुछ भवन स्वामियों ने पहले ही सड़क की जद में पड़ने वाले भवन के हिस्से को खाली कर दिया था। उस हिस्से को बुलडोजर से तोड़ दिया गया। अतिक्रमण टीम की कार्रवाई देख लोग खुद अपना अतिक्रमण हटाने लगे। हाईवे टीम का कहना है कि जहां तक निशानदेही की गई है, वहां तक लोग स्वयं अतिक्रमण हटा लें ताकि नुकसान से बचा जा सके।