पडरौना नगर में फर्जी तरीके से संचालित डेंटल क्लिनिक को सील करते एसडीएम रामकेश यादव।
- फोटो : KUSHINAGAR
एसडीएम ने सील कराया अस्पताल, दी चेतावनी
पडरौना। एसडीएम सदर रामकेश यादव ने सोमवार को पडरौना के कई अस्पतालों और अल्ट्रासाउंड सेंटरों की जांच की। बिना डिग्री के संचालित डेंटल क्लीनिक को सील करा दिया। कुछ अन्य अल्ट्रासाउंड सेंटर बंद कर संचालक फरार हो गए। उन्होंने पॉलिथीन की भी जांच की।
एसडीएम सदर रामकेश यादव ने बताया कि उन्होंने नगर के रामकोला रोड पर बिना डिग्री के प्रैक्टिस कर रहे डेंटिस्ट को पकड़ा। डिप्टी सीएमओ को बुलाकर अंजली डेंटल क्लीनिक के नाम से संचालित इस अस्पताल को सील कराया। नगरपालिका के ईओ की तरफ से तीन माह पूर्व चेतावनी भी दी गई थी। इसी रोड पर सिद्धि विनायक नाम से संचालित पैथालॉजी का संचालक एसडीएम के निरीक्षण की भनक पाते ही पैथालॉजी बंद कर भाग निकला। इसी मार्ग पर शिवम अल्ट्रासाउंड सेंटर में पहुंचकर एसडीएम ने खुद का अल्ट्रासाउंड कराने को कहा। वहां खुद को रेडियोलॉजिस्ट बताने वाला शख्स अल्ट्रासाउंड नहीं कर पाया। एसडीएम ने उसके खिलाफ डीएम को पत्र लिखने की बात कही।
एसडीएम ने बताया कि रामकोला रोड पर संचालित मनोज डेंटल क्लीनिक का संचालक सेंटर बंद कर फरार हो गया। अटेंडेंट क्लीनिक पर पाया गया। उन्होंने बताया कि आवास विकास कॉलोनी में इलाहाबाद बैंक के पास डिजिटल डाइग्नोस्टिक सेंटर व एक्सरे सेंटर भी फर्जी रूप से संचालित पाया गया। उसका संचालक भी फरार हो गया।
इसके अलावा एसडीएम सदर ने नगर के बेलवा चुंगी स्थित जयप्रकाश की दुकान पर छापा मारकर 15400 चाइनीज एवं लोकल सिंगल यूज पॉलिथीन पकड़ा। उन्होंने दुकानदार पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इसके पूर्व भी इस दुकान पर 25 किलोग्राम पॉलिथीन पकड़ी गई थी। उस समय भी 25 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया था। इस दौरान ईओ एएन सिंह, एसआई रमाशंकर यादव, नगर लेखपाल योगेंद्र गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद थे।