पडरौना। पडरौना शहर के सुभाष चौक पर शनिवार की शाम करीब सात बजे दो निजी अस्पताल के संचालक रुपए के लेनदेन को लेकर पुलिस चौकी के सामने ही भिड़ गए। दोनों पक्षों में हुई मारपीट से भगदड़ मच गई। पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंच दोनों पक्षों से दो लोगों को कोतवाली ले गई, जहां पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक पहले यह दोनों अस्पताल संचालक छावनी में किसी बात को लेकर भिड़े और फिर वहां मारपीट करने के बाद सुभाष चौक पुलिस चौकी पहुंचे, जहां फिर दोनों पक्षों के लोगों में मारपीट शुरू हो गई। पुलिस के सामने ही मारपीट होता देख मौके पर लोग इधर-उधर भागने लगे। पुलिस मारपीट कर रहे लोगों को शांत कराकर दोनों पक्षों से एक-एक लोगों को लेकर पुलिस कोतवाली ले गई। वहां पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। बताया जाता है कि दोनों संचालकों का अस्पताल आसपास ही है। पहले भी इनके बीच हाथापाई हो चुकी है। इस संबंध में कोतवाल सुशील शुक्ला ने बताया दोनों अस्पताल संचालकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। मारपीट जैसी घटना नहीं हुई है।