उजारनाथ। पटहेरवा थाना के एक गांव निवासी महिला ने अपने ही गांव के चार व्यक्तियों पर घर में घुसकर छेड़छाड़ व मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना 16 जून की भोर की बताई जा रही है। मामले में तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
महिला ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया है कि 16 जून की सुबह पांच बजे उसकी ननद अपने दरवाजे पर झाड़ू लगा रही थी। तभी गांव का ही एक युवक गलत नियत से ननद के साथ जोर जबरदस्ती करने लगा। उसके शोर मचाने पर वह अपने सास के साथ मौके पर पहुंची और बीच-बचाव किया। उस वक्त तो आरोपी युवक वहां से भाग निकला, लेकिन कुछ देर बाद घर से तीन लोगों को साथ लेकर कुदाल, राड, लाठी-डंडे से लैस होकर दरवाजे पर पहुंचा और अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करते हुए दरवाजा तोड़कर घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट की। पुलिस ने तहरीर में नामजद चार आरोपियों के खिलाफ मारपीट व छेड़खानी समेत विभिन्न धाराओं केस दर्ज कर लिया है। एसओ राकेश रोशन सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।