पुलिस के समझाने पर एक घंटे बार घरवाले पोस्टमार्टम के लिए माने
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरवलिया बाजार। तुर्कपट्टी थानाक्षेत्र के ग्राम पंचायत सपही टड़वा के भरवा टोली में सोमवार शाम गांव में होली खेलकर घर लौटे 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव के रामनरेश राजभर (50) सोमवार सुबह गांव में होली खेलने गए थे। शाम को जब वह घर लौटे तो परिजनों से तबीयत ठीक न होने की बात कही और चारपाई पर लेट गए। कुछ देर बाद ही मौत हो गई। पट्टीदार ने 112 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे एसओ आनंद कुमार गुप्ता, एसआई डीके गौतम आदि ने मामले की छानबीन की। मौके पर जुटे गांव के लोग और परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम में भेजने से मना कर दिया। हालांकि बाद में कानूनी जरूरत व पुलिस के समझाने पर परिजन माने। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस दौरान निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य मनोज गुप्ता, निवर्तमान प्रधान विजय भारती, रवींद्र ठाकुर, आशीष मिश्र, डॉ. बीएन प्रसाद आदि ग्रामीण मौजूद रहे। एसओ आनंद कुमार गुप्ता ने कहा कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।