हाटा। कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी ने अपने प्रेमी से विवाह के लिए जमकर बवाल काटा। उसने अपनी मां और अन्य लोगों की मौजूदगी में अपने प्रेमी को एक मंदिर परिसर में बुलवाया और शादी करने का दबाव बनाया।
युवक तैयार नहीं हो रहा था तो किशोरी ने उसका हाथ पकड़कर अपनी मांग में सिंदूर डलवाया। इस दौरान वहां भीड़ में खड़े लोग अपने मोबाइल कैमरे में पूरा घटनाक्रम रिकार्ड कर रहे थे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस युवक और किशोरी को थाने आई। किशोरी अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद कर रही है, जबकि वह नाबालिग है। उसने पुलिस को एक तहरीर भी दी है। दोनों परिवार के लोग दोनों को मनाने में लगे हुए हैं। हाटा कोतवाली क्षेत्र की एक किशोरी से क्षेत्र के ही एक युवक से कुछ दिनों से प्रेम संबंध चल रहा था। किशोरी नाबालिग है, लेकिन वह युवक से शादी करना चाहती है। उसने कई बार युवक से शादी करने की बात कही, लेकिन युवक अनाकानी करता रहा। सोमवार की शाम को किशोरी ने अपने प्रेमी को फोन कर एक मंदिर परिसर में बुलाया। वहां उसकी मां भी मौजूद थी। दोनों युवक पर शादी करने की बात करने लगे।
युवक अभी कुछ समझ पता तब तक वहां युवती हंगामा करने लगी। जिसे वहा काफी संख्या में लोग जुट गए और पूरी घटना को अपने मोबाइल में कैद करने लगे। बाद में लोगों ने सोशल मीडिया पर उसे वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में देखा जा रहा है कि एक महिला हाथ में सिंदूर ली है और किशोरी लड़के का हाथ पकड़ कर अपने मांग में सिंदूर डलवा रही है।
बताया जा रहा है कि किशोरी के साथ मौजूद महिला उसकी मां है। सूचना पुलिस को मिली तो पुलिस ने दोनों को पक्षों को थाने बुलाया। किशोरी की मां का आरोप है कि युवक ने बेटी को शादी का झांसा देकर काफी दिनों से संबंध बना रहा था। अब शादी सेे इंकार कर रहा है।
उसने पुलिस को एक तहरीर भी दी। हालांकि किशोरी प्रेमी के खिलाफ मुकदमा नहीं लिखाना चाहती है। वह उसी के साथ रहने की जिद कर रही है, लेकिन उसके नाबालिग होने की वजह से कानूनी रूप से शादी कराने में बाधा आ रही है। दोनों पक्ष थाने में जुट कर बातचीत से मामले का हल निकलने का प्रयास कर रहे हैं।
कोतवाल रामसहाय चौहान ने बताया कि किशोरी प्रेमी से शादी करने की जिद कर रही है, लेकिन वह नाबालिग है। उसने तहरीर तो दी है, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं कराना चाहती है। कानून के हिसाब से जो सही होगा पुलिस वह कदम उठाएगी।