संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। कुबेरस्थान क्षेत्र के पचरुखिया टोला धनटोली के पास हीरालाल की हत्या का पुलिस ने मंगलवार को पर्दाफाश कर दिया। मुख्य आरोपी शहजाद को पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू और मोबाइल बरामद कर लिया है। पुलिस का दावा है कि अवैध संबंध में आरोपी ने साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पेट में चाकू लगने से मौत की पुष्टि हुई है। चेहरे और कंधे पर भी चाकू के निशान थे। कुबेरस्थान थाना क्षेत्र केट धनटोला निवासी हीरालाल (32) की सोमवार को दोपहर में पचरुखिया के पास चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। हीरालाल की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के रतनचक गांव निवासी शहजाद उर्फ सज्जाद के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की। सीओ राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि जांच में पता चला कि आरोपी शहजाद का अवैध हीरालाल की पत्नी से था और अश्लील वीडियो दिखाकर ब्लैकमेल करता था।
इससे महिला तंग आ गई थी। हीरालाल को जानकारी हुई तो उसने आरोपी को पचरुखिया नहर के पास बुलाकर उसके मोबाइल से अश्लील वीडियो डिलीट कराने के लिए दबाव बनाने लगा। इस दौरान आरोपी ने कमर में कपड़े के अंदर छिपाकर रखे चाकू से हीरालाल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इससे हीरालाल की मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भाग निकला। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में एक चेहरे और कंधे पर चाकू लगने के निशान मिले हैं।