खड्डा। जाति और छुआछूत की भावना से ऊपर उठकर हिंदू समाज जब एकजुट होगा, तो दुनिया की कोई ताकत हमें झुका नहीं सकेगी। सुरक्षा और धर्म परिवर्तन के लिहाज से यह क्षेत्र बेहद संवेदनशील है। इसलिए भी हिंदू समाज को एकजुट रहना होगा। हियुवा किसी पंथ या मजहब का विरोध नहीं करती। ये बातें बुधवार को खड्डा क्षेत्र के कोपजंगल गांव में सामाजिक समरसता एवं सहभोज कार्यक्रम में पहुंचे गोरखपुर के सांसद और हियुवा के संरक्षक महंत आदित्यनाथ ने कहीं।
दलित समुदाय के साथ भोजन के बाद आयोजित सामाजिक समरसता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अगर इस क्षेत्र के हिंदू संगठित नहीं हुए तो नेपाल के माओवादी भी यहां घुसपैठ करने लगेंगे। प्रदेश सरकार को कोसते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की कई योजनाओं को प्रदेश सरकार अपने नाम से प्रचारित कर जनता को गुमराह कर रही है। संबोधन के दौरान ही रसोइया संघ ने अपना मांग पत्र सौंपा तो उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने रसोइया पद पर कार्य करने वालों की सुविधा में बढ़ोत्तरी का मन बना लिया है। शीघ्र ही संबंधित मंत्रालय आदेश जारी करेगा। खड्डा आशा संघ की ब्लॉक अध्यक्ष ममता दूबे के नेतृत्व में भी मांग पत्र सौंपा गया, जिस पर उन्होंने मामले को संबंधित मंत्रालय और संसद में उठाने का आश्वासन दिया।
महंत आदित्यनाथ ने सहभोज कार्यक्रम में पूर्व विधायक दीपलाल भारती व भुलई भाई सहित अन्य साधु-संतों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया। इनके साथ ही पंडाल में बैठे दलित समुदाय के लोगों और महिलाओं ने भी भोजन किया। इस अवसर पर सुरेंद्र दास, प्रदेश प्रभारी राघवेंद्र सिंह, प्रदेश अध्यक्ष सुनील सिंह, हियुवा के जिला प्रभारी अजय गोविंद राव शिशु, भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश शाही, विधायक विजय दूबे, भिखारी प्रजापति, जटाशंकर तिवारी, चंद्रप्रकाश चमन, निलेश मिश्रा, विंदा प्रसाद, राजेश्वर सिंह, विनय जायसवाल, फूलबदन कुशवाहा, कुणाल राव, संजय सिंह मुन्ना, उग्रसेन, बृजभूषण, राजन जायसवाल, शेषमणि गौड़, राजू गुप्ता सहित तमाम लोग मौजूद थे।
पाकिस्तान को सबक सिखाया जाएगा
खड्डा। बलूचिस्तान के मामले में चारों तरफ से घिरने के बाद पाकिस्तान ने उड़ी में कायराना हरकत की है। भारत इससे डरने वाला नहीं है। पाकिस्तान को समय पर सही सबक सिखाया जाएगा। ये बातें गोरखपुर के सांसद महंत आदित्यनाथ ने खड्डा के कोपजंगल में सहभोज कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहीं। उड़ी की घटना को दुखद और कायराना बताते हुए महंत आदित्यनाथ ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि इसका माकूल जवाब जरूर दिया जाएगा। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि सहभोज से सामाजिक सद्भाव बढ़ा है। खुशी की बात है कि हर घर से एक-एक मुट्ठी अनाज मिला है। यह कारवां आगे बढ़ता रहेगा। उन्होंने कहा कि हियुवा एक सांस्कृतिक संगठन है। हम किसी पंथ का विरोध नहीं करते हैं और इस पर प्रतिबंध लगाने की मांग करने वाले दूषित मानसिकता वाले हैं।
जगह-जगह किया गया स्वागत
अमर उजाला ब्यूरो
कोटवा बाजार। खड्डा क्षेत्र के कोप जंगल में सहभोज कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे गोरखपुर के सांसद और गोरक्षपीठ के महंत आदित्यनाथ का क्षेत्र के भूमिहारी पट्टी, पकड़िय़ार बाजार, खैरटिया, नौरंगिया, नेबुआ रायगंज आदि जगहों पर स्वागत किया गया। पकड़ियार बाजार में खड्डा विधायक विजय कुमार दूबे ने समर्थकों के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान शैलेन्द्र सिंह, संजय ओझा, संजीव शाही, विजय तिवारी, रामानुज, नितेश राव, धीरज आदि मौजूद थे। भूमिहारी पट्टी में गुड्डू साहनी, रवि तिवारी, उदयभान राव, प्रदीप मिश्र ने स्वागत किया। खैरटिया में डॉक्टर नीलेश मिश्रा, नौरंगिया में सोनू तिवारी व नेबुआ रायगंज में व्यास वर्मा की अगुवाई में स्वागत किया गया।