मंसाछापर। जरार बिजली उपकेंद्र से जुड़े किन्नर पट्टी गांव में बृहस्पतिवार की देर रात हाई वोल्टेज करंट आने से करीब दो घंटे तक अफरातफरी मची रही। लोगों के घरों में लगे पंखे, बिजली के उपकरण जल गए। टेबल फैन में उतरे करंट की चपेट में आने से 35 वर्षीय महिला झुलस गई। परिजन उन्हें भैरोगंज बाजार के एक प्राइवेट अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है। गांव में लगे 25 और 16 केवीए के ट्रांसफार्मर में भी खराबी आ गई। रात से ही तीन टोलों के करीब 600 घरों में बिजली आपूर्ति ठप है।
क्षेत्र के किन्नर पट्टी गांव की बिजली आपूर्ति जरार बिजली उपकेंद्र से होती है। बृहस्पतिवार की रात करीब 10 बजे गांव में हाइवोल्टेज आने के कारण लोगों के घरों में लगे बल्ब ब्लास्ट कर गए। पंखे, फ्रीज, मोबाइल चार्जर, मोबाइल सहित बिजली के उपकरण जल गए। किन्नर, भरटोली और बरवा टोली में दो घंटे तक अफरातफरी मची रही। लोग घर से बाहर निकल गए। सूचना देने के काफी देर बाद बिजली काटी गई। गांव के भरटोली निवासी जितेंद्र राजभर की 35 वर्षीय पत्नी चंद्रावती टेबल फैन में उतरे करंट की चपेट में आ गईं, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजन उन्हें भैरोगंज बाजार स्थित एक प्राइवेट अस्पताल ले गए। वहां उनका इलाज चल रहा है।
0
बिजली के उपकरण जले
गांव के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विपिन यादव ने बताया कि अचानक हाई वोल्टेज आने के कारण दो घंटे तक गांव के अफरातफरी मची रही। हाई वोल्टेज के कारण करीब 100 से अधिक लोगों के पंखे, 30 से अधिक टीवी, 15 फ्रीज, मोबाइल, चार्जर, कई सौ बल्ब जल गए। गांव के बिजली पोल पर ग्राम पंचायत की तरफ से लगाई गईं 35 स्ट्रीट लाइटें भी जल गई हैं।
0
अचानक हाई वोल्टेज आया, जिसके कारण गांव में अफरातफरी मच गई। घर में बल्ब ब्लाॅस्ट करने लगे। बहुत अधिक नुकसान हुआ है। -विश्वनाथ यादव।
0
हाई वोल्टेज से दो ट्रांसफार्मर खराब हुए हैं। गांव के करीब 600 घरों में बिजली नहीं है। हाई वोल्टेज करंट के कारण काफी नुकसान हुआ है। -विपिन यादव।
0
हाई वोल्टेज नहीं आया है। इंसुलेटर ब्लास्ट होने के कारण 11 हजार का तार एलटी तार पर गिर गया, जिसके कारण कुछ देर के लिए ये समस्या हुई है। बिजली मिस्त्री गांव में कार्य कर रहे हैं, बिजली आपूर्ति बहाल हो जाएगी। -अजय सिंह, अवर अभियंता, जरार।