पड़रौना। डोल मेला को लेकर पडरौना शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। रविवार की शाम छह बजे से सोमवार को मेला समाप्त होने तक शहर में भारी और व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक रहेगी। ट्रैक्टर-ट्राली, ट्राला, ट्रक, ट्रेलर और डीसीएम समेत अन्य भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों को इससे बाहर रखा गया है।
यातायात निरीक्षक अश्वनी कुमार राय ने बताया कि जटहांबाजार व बांसी की ओर से आने वाले कमर्शियल वाहनों को खिरकिया से ही रोका जाएगा। अम्बे चौक, खिरकिया, स्टेशन मोड़ और मटिहिनिया से भी भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी। अलग-अलग दिशाओं से आने-जाने वाले वाहनों को बाईपास और नहर मार्गों से उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि कसया की ओर से खिरकिया, बांसी और बिहार जाने वाले व्यावसायिक वाहन छावनी से मटिहिनिया, खिरकिया बाईपास होकर जाएंगे। कप्तानगंज और रामकोला से आने वाले वाहन मिश्रौली, बड़ी नहर और खिरकिया होकर निकलेंगे। वहीं खड्डा की ओर से आने वाले वाहनों को बावली चौक, मिश्रौली नहर, बड़ी नहर और खिरकिया बाईपास के रास्ते भेजा जाएगा।
0
24 घंटे लागू रहेगा वन-वे
डोल मेला के मद्देनजर वर्तमान वन-वे व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। पांच और छह सितंबर को वन-वे व्यवस्था 24 घंटे लागू रहेगी। यातायात निरीक्षक ने बताया कि लोगों से डायवर्जन के दौरान निर्धारित मार्गों का ही इस्तेमाल करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है। उन्होंने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर डायवर्जन व्यवस्था में आंशिक बदलाव भी किया जा सकता है।