टीका लगवाने वाले हेल्थ वर्कर्स स्वस्थ
पडरौना। कोरोना रोधी टीका लगवाने वाले सभी लोग स्वस्थ हैं। विभाग का कहना है कि जिन 198 लोगों को टीके लगाए गए थे, उनमें किसी तरह का साइड इफेक्ट नहीं है। इन्हें अगला टीका 28 दिन बाद लगाया जाएगा।
जिला अस्पताल के एमएमसीएच विंग सहित हाटा और फाजिलनगर के सीएचसी को टीकाकरण केंद्र बनाया गया था। प्रत्येक केंद्र पर 100 हेल्थ वर्कर्स को टीके लगाए जाने थे। इन केंद्रों पर शनिवार को सुबह 10 बजे से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन के बाद टीकाकरण शुरू हुआ था, जो शाम चार बजे तक चला। जिला अस्पताल में 79 लोगों को टीके लगाए गए थे। हाटा सीएचसी पर 45 हेल्थ वर्कर्स को टीका लगाया गया था। तीसरे टीकाकरण केंद्र फाजिलनगर सीएचसी पर 74 लोगों ने टीके लगवाए थे। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक दूसरे दिन भी इनके स्वास्थ्य पर टीके का कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं दिखा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि कोरोना टीका के लिए आई कोविशील्ड वैक्सीन शनिवार को 198 हेल्थ वर्कर्स को लगाई गई थी। इनमें किसी भी व्यक्ति पर वैक्सीन का कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं दिखा। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण के लिए 22 जनवरी को टीकाकरण कराने की खातिर तैयारी करने का निर्देश मिला है, लेकिन यह कहां होगा, कितने लोगों को लगेगा, इस संबंध में शासन से कोई गाइडलाइन नहीं आई है।