मिर्जापुर के जिला अस्पताल में सीएमएस से विवाद के बाद लैब टेक्नीशियन की खुदकुशी की कोशिश और हालत गंभीर होने की सूचना मिलने के बाद जिला अस्पताल के एड्स नियंत्रण स्वास्थ्य कर्मी भी विरोध पर उतर आए। मंगलवार को इन लोगों ने काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया।
विरोध जता रहे स्वास्थ्यकर्मियों का कहना था कि मिर्जापुर के जिला अस्पताल में मयंक मिश्रा नाम के एलटी संविदा पर कार्यरत हैं। इन स्वास्थ्यकर्मियों का आरोप था कि नवीनीकरण के नाम पर सुविधा शुल्क न देने पर सीएमएस और एलटी में कहासुनी हो गई। वाद-विवाद के कारण एलटी मयंक ने विषाक्त पदार्थ खाकर खुदकुशी करने की कोशिश की। गंभीर हालत में उन्हें बीएचयू में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस घटना पर जगह-जगह विरोध प्रदर्शन होने लगा है। एलटी के समर्थन में जिला अस्पताल के आईसीटीसी, पीपीटीसीपी और एआरटी सेंटर के स्वास्थ्यकर्मी भी उद्वेलित हैं और सुविधा शुल्क लिए जाने का विरोध कर रहे हैं। इस मामले में स्वास्थ्यकर्मियों ने उचित कार्रवाई की मांग की। इस विरोध प्रदर्शन में गौतम शर्मा, उमेश यादव, किरन शर्मा, दिव्या तिवारी, नीलम राय, विश्वजीत ओझा, अंजनी श्रीवास्तव, इंद्रजीत राय, नवीन कुमार सहित सभी स्वास्थ्यकर्मी शामिल थे।