पडरौना। बोदरवार स्थित न्यू पीएचसी परिसर में बुधवार को साप्ताहिक स्वास्थ्य मेला का आयोजन हुआ। स्वास्थ्य संबंधी शिकायतें लेकर पहुंचे 54 लोगों की जांच कर चिकित्सक ने उन्हें जरूरी दवाएं दीं और स्वस्थ रहने के उपाय बताए।
शिविर का उद्घाटन करते भाजपा नेता घनश्याम गोरखपुरी ने किया। कहा कि सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। लोगों तक आसानी से स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए मोबाइल टीमें गठित कर गांव-गांव में शिविर लगाया जा रहा है। लोगों को इसका लाभ उठाना चाहिए। इसके बाद प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय भारद्वाज की अगुवाई में गठित स्वास्थ्य टीम ने बोदरवार के रामप्रवेश निषाद, पोखरभिंडा के रामवती देवी, भलुही की कमलावती, सुम्हाखोर की सरिता सिंह और बोदरवार की उर्मिला समेत 54 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। डॉक्टरों ने बताया इस समय वायरल फीवर, खांसी, जुकाम और टाइफाइड जैसी बीमारियों के मरीज बढ़े हैं। यदि लोग खान-पान और दिनचर्या पर विशेष ध्यान दें, तो इन बीमारियों से निजात मिल सकती है। इस दौरान डॉ. अंबरीश चौधरी, रंजना राय, अनीता आर्या, इम्तियाज अहमद, अंबरीष पटेल आदि मौजूद रहे है।