मंसाछापर। विशुनपुरा ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय बबुईया हरपुर के प्रधानाध्यापक को बीएसए ने निलंबित कर दिया है। उन पर यह कार्रवाई मीनू के अनुसार एमडीएम नहीं बनवाने के मामले में बीईओ की संस्तुति पर बीएसए ने की है। कंपोजिट विद्यालय बबुईया हरपुर पर बुधवार को बीजेपी नेता शान कुशवाहा गए थे। वहां मीनू के अनुसार मध्यान भोजन नहीं बना था। बच्चे नीचे जमीन पर बैठकर भोजन कर रहे थे। विद्यालय में प्रधानाध्यापक शाहिद अनवर भी मौजूद नहीं थे।
उन्होंने वीडियो और फोटो बनाकर बीएसए को भेजकर शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप था कि प्रधानाध्यापक कभी समय से स्कूल न जाते हैं और न ही आते हैं। कभी भी मीनू के अनुसार भोजन नहीं मिलता है। इसको गंभीरता से लेते हुए बीएसए डॉ. रामजियावन मौर्य ने विशुनपुरा बीईओ को जांच कर कर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था। बीएसए के निर्देश पर स्कूल पहुंचे बीईओ जयंत भारती ने जांच कर जांच रिपोर्ट बीएसए को सौंपा था।
बीईओ ने बताया कि मीनू के अनुसार भोजन नहीं बनवाने, समय अनियमित स्कूल जाने अपने पद के दायित्वों का सही तरीके निर्वहन नहीं करने, विभागीय ग्रुपों में अधिकारियों की छवि धूमिल करने सहित कई गंभीर आरोपों में निलंबित करने के लिए बीएसए को संस्तुति भेज दी।